बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मवी कलां गांव के पास ट्रक लूटने का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसने अपने साथियों के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस फरार लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
लखीमपुर खीरी निवासी हरदीप सिंह ट्रक लेकर 30 अक्तूबर की रात में मवी कलां गांव के पास से गुजर रहा था। वहां पर बदमाशों ने उसको बंधक बनाकर खेत में डाल दिया और उसका ट्रक लूटकर ले गए । पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत की। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया । दिल्ली में खुद को घिरते देख बदमाश ट्रक को छोड़कर भाग गए थे। कोतवाली प्रभारी एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधु का कहना है कि केस की विवेचना में सामने आया कि राजेंद्र पुत्र सुखपाल निवासी अमर पार्क दिल्ली ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक लूटा है। आरोपी राजेंद्र को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसको कोर्ट में पेश किया। न्यायिक हिरासत में जेल भेजा।
चोरी कर फर्जी कागज तैयार कर कैंटर चलाते एक पकड़ा
बागपत। चोरी करने के बाद फर्जी कागज तैयार कर कैंटर को चलाने का मामला सामने आया। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने हाईवे स्थित रीवर पार्क के पास से कैंटर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। जबकि उसका साथी भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए आरोपी जाहिद निवासी पाली ने पुलिस को बताया कि बागपत के मोहन ने अपने साथियों के साथ मिलकर कैंटर के फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं। मोहन ही कैंटर से कूदकर भागा है। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधु का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।