कोताना रोड़ पर शूटरों ने दुकानदार को पीटा
बड़ौत (बागपत)। कोताना रोड़ पर आठ-दस युवकों ने एक युवक को दुकान से उतारकर लाठी-डंडो से सड़क पर डालकर पीटकर अधमरा कर दिया। जब उसका दोस्त उसे बचाने आया तो उसे भी नहीं बख्शा। इस मारपीट की घटना में एक शूटर समेत तीन युवक घायल हुये है। जबकि एक युवक को गंभीर हालत में सीएचसी से रेफर किया गया है।
घायलों में तुषार पुत्र संजय, कैशव कुंडू उर्फ आकाश पुत्र सतेंद्र कोताना रोड़ बड़ौत के रहने वालें है। जबकि अक्षय तोमर पुत्र मनोज निवासी सादुल्लापुर का रहने वाला है। वह कोताना रोड़ स्थित शूटिंग रेंज पर शूटिंग भी करता है। बताया जाता है कि अब से डेढ़ साल पूर्व तुषार को कईं युवकों ने पीटकर अधमरा कर दिया था। लेकिन इस मामले में कोई कारवाई नहीं हुई थी। शुक्रवार को जब तुषार ने उस युवक को पहचान लिया तो उसके साथ उनकी आपस में मारपीट हो गई। इसमें शूटर अक्षय तोमर घायल हो गया। कुछ समय बाद अक्षय अपने शूटर साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर तुषार की दुकान पर आया और उसे दुकान से उतारकर सड़क पर डालकर लाठी-डंडो से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। जब उसका दोस्त केशव कुंडू उसे बचाने आया तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। इस घटना से कोताना रोड़ पर भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना पर 100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर हमलावर भागने लगे। लेकिन तीनों घायलों को कोतवाली ले गई। जिन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जहां से तुषार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।