बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति के होने वाले दामाद को मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से धमकी मिल रही है। इससे दोनों परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं। पीड़ित व्यक्ति ने अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह 30 साल से एक बीमा कंपनी में नौकरी करता है। उसने अपनी बेटी की शादी तय कर रखी है। उसके होने वाले दामाद को कई दिन से मोबाइल पर धमकी मिल रही है। साथ ही आरोपी गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार कर रहा है। दस मोबाइल नंबरों से एक सौ बार कॉल आ चुकी है। इससे दोनों परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं। उसने तहरीर देकर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश ने बताया कि धमकी देने वाले युवक का जल्दी ही पता लगा लिया जाएगा।