चांदीनगर (बागपत)। दिल्ली से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे युवक से नकाबपोश बदमाशों ने नगदी लूट ली। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देखकर बदमाश तमंचे हवा में लहराते हुए भाग गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि वारदात की जांच की जा रही है।
गौना गांव निवासी राजू यादव बाइक पर सवार होकर दिल्ली से अपने गांव लौट रहा था। शनिवार को रात में करीब आठ बजे जैसे ही वह गांव के नजदीक पहुंचा तो तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और हमलाकर बाइक सवार युवक से 35 हजार रुपये लूट लिए। इस बीच पीछे एक टैंपू आ गया। टैंपू में सवार लोगों को देखकर राजू यादव ने शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों को तलाश किया, लेकिन काफी देर तक सुराग नहीं लगा। पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसओ राजेश भारती ने कहा बदमाशों की तलाश चल रही है।