बड़ौत (बागपत)। विद्युत निगम की टीम ने बुधवार को नगर और क्षेत्र के कई गांवों में छापेमारी की। इस दौरान बिजली चोरी में एक दर्जन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जबकि अनेक बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे।
अवर अभियंता विकास कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बिजरौल गांव में चेकिंग के दौरान चार लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़े गए। यहां टीम ने 30 बकायेदारों के कनेक्शन काटे। इसके बाद टीम ने छछरपुर गांव में चेकिंग की। यहां तीन लोग बिजली चोरी करते पकड़े । टीम ने यहां भी 20 लोगों के बकाया बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटे। अवर अभियंता संदीप खुशी राज कश्यप ने बिनौली, संतनगर, कैडवा आदि गांव में चेकिंग कर 40 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे। दो लोगों के खिलाफ बिजली चोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई । उधर, अवर अभियंता पवन कुमार ने मलकपुर, लुहारी और जौनमाना गांव में ताबड़तोड़ चेकिंग की और हजारों की वसूली कर 10 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, एसडीओ रितेशवर बंधु ने किरठल, छपरौली, लंबू आदि गांव में टीम के साथ चेकिंग की। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली का बिल जमा करने की अपील की। साथ ही बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।