चांदीनगर (बागपत)। रटौल में दुकानदार पर गोलगप्पों के रुपये के विवाद में हमला कर दिया। वह गंभीर रुप से घायल हो गया। इससे गुस्साएं व्यापारियों ने बाजार बंद कर रोष व्यक्त किया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
रटौल निवासी सोनू की गांव में ही बस स्टैंड के पास समोसे और गोलगप्पों की दुकान है। शुक्रवार की रात में करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही दूसरे समुदाय के चार युवक वहां पर पहुंचे और समोसे और गोलगप्पे खाए। इनके रुपये के लेनदेन को लेकर सोनू का विवाद हो गया। युवकों ने सोनू पर हमला कर दिया। इससे वहां पर हंगामा हो गया। काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने किसी तरह उसकी जान बचाई। घायल का अस्पताल में उपचार कराया। घायल सोनू के पिता श्रीनिवास की तहरीर पर आरोपी चांद, शकील, कामिल समेत चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इससे दुकानदारों में रोष पैदा हो गया था। उन्होंने शनिवार को बाजार बंद कर दिए। पुलिस ने उनको हमलावरों को पकड़ने का आश्वासन दिया। उसके बाद दुकानें खोली गई। चांदीनगर थाना पुलिस का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।