बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर सहारनपुर डिपो की रोडवेज बस में पानी बेचने वाले युवक और परिचालक में मारपीट हुई। बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। बस के परिचालक ने युवक के खिलाफ तहरीर दी।
सहारनपुर डिपो की रोडवेज बस नंबर यूपी 11 टी 9961 के चालक रविंद्र कुमार निवासी मुकंदपुर ने बताया कि वह सहारनपुर से बस लेकर दिल्ली जा रहा था। बागपत में राष्ट्र वंदना चौक पर बस से सवारी उतर रही थीं, इसी समय बस में पानी बेचने वाला युवक चढ़ गया। परिचालक उमेश कुमार निवासी गांव उमरवा जनपद सहारनपुर ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा तो युवक ने परिचालक को थप्पड़ मार दिया। इस पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पानी बेचने वाले युवक मोहसिन पुत्र नूर मोहम्मद निवासी राशिद कालोनी बागपत ने बताया कि वह कक्षा नौ में पढ़ता है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद बस में पानी बेचने का काम करता है। बस के परिचालक ने उसके साथ मारपीट की। परिचालक ने युवक के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।