बड़ौत (बागपत)। पुरानी रंजिश में नगर की पट्टी चौधरान में आधा दर्जन लोगों ने एक मकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी । जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। इस दौरान एक युवक की जांघ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों ने वहां से छिपकर जान बचाई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन उससे पहले ही हमलावर परिवार को धमकी देते हुए भाग गए।
पट्टी चौधरान निवासी साजिद पुत्र इकराम का पड़ोसियों से किसी बात को लेकर काफी दिनों से रंजिश चली आ रही है । बुधवार को भी इसी मामले को लेकर कई बार उन लोगों के बीच झगड़ा हुआ। बुधवार को देर रात करीब आधा दर्जन लोगों ने साजिद के घर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच एक गोली साजिद की जांघ पर लग गई और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया । सूचना पर कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो हमलावर पुलिस के आने से पहले ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया । इसके बाद परिजनों ने उसे गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में साजिद के भाई शाकिर ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है । इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है फिलहाल युवक के पैर में गोली लगी है और वह खतरे से बाहर है पुलिस इस मामले में कठोर कार्रवाई करेगी।