पुलिस ने दो युवक दबोचे, पांच आधार कार्ड और 38 फोटो बरामद
अमीनगर सराय (बागपत)। निकाय चुनाव में वोट डालने के लिए कस्बे में फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। इसका खुलासा मतदान केंद्र पर चेकिंग के दौरान पकड़े एक युवक से पूछताछ के बाद हुआ है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इस फर्जीवाड़े में कौन-कौन शामिल है। पुलिस उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सिंघावली अहीर थाना के एसएसआई रजनीश कुमार ने बताया कस्बा के शील चंद इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर टीम के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवक वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर जाने की तैयारी कर रहा था। चेकिंग करने पर उसके आधार कार्ड और मतदाता पर्ची में दर्ज आयु में भिन्नता पाई गई। शक होने पर उससे सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि उसको वोट डालने के लिए भेजा । उसने बताया वह कस्बा का ही नदीम है। उसने अपने साथी का नाम महबूब अली उर्फ राजू बताया। नदीम अपने साथी के पास लेकर गया। पुलिस को देखकर आरोपी महबूब अली भागने लगा। पीछा करने पर उसको पकड़ लिया । तलाशी लेने पर उसके पास से पांच फर्जी आधार कार्ड और अलग-अलग 38 फोटो बरामद हुए। एसएसआई ने कहा वोट डालने के लिए कस्बे में ही एक मकान में फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। आरोपियों ने अपने एक साथी का नाम विनोद मास्टर बताया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेजा। केस की विवेचना चल रही है। इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है। जल्द ही उनका पता लगाकर कार्रवाई होगी। फर्जी आधार कार्ड के सहारे वोट नहीं डाली गई। उससे पहले ही गिरोह के सदस्यों को पकड़ लिया गया था।
चुनाव में लुहारा में हुआ था फर्जी आईडी बनाने का भंडाफोड़
बागपत। आधार कार्ड और वोटर आईडी के फर्जीवाड़े का यह पहला खुलासा नहीं हुआ। वर्ष 2015 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में लुहारा गांव में एक मकान में पुलिस ने छापा मारकर फर्जी वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
चुनाव में फर्जी वोट डालने को लेकर हुआ हंगामा
बागपत। निकाय चुनाव में भी फर्जी वोट डालने की अफसरों को बड़ौत, खेकड़ा और अग्रवाल मंडी टटीरी में शिकायत मिली। माना जा रहा है कि फर्जी आईडी के ही सहारे वोट डाली गई है। यदि अफसर गहराई से जांच करें तो बड़ा फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह का खुलासा हो सकता है।