बैंक कर्मी की बाइक चोरी करने वाला बदमाश पकड़ा
बड़ौत (बागपत)। सिंडिकेट बैंक शाखा से बाइक चोरी की घटना में सीसीटीवी कैमरे के आधार पर कर्मचारियों ने बुधवार को बैंक के आसपास घूम रहे एक बदमाश को दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई की गयी। इस दौरान पकड़े गए चोर ने अपने एक अन्य साथी को फोन कर बैंक में बुलाया। जहां पर लोगों ने उसे भी पकड़ लिया और पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया चोर एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा बताया गया है।
सोमवार को बैंक कर्मचारी भूपेंद्र पुत्र प्रकाश निवासी बड़ौली की बाइक (नंबर यूपी 17 जे-4671) चोरी हो गई थी। जब बैंक मेें लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गयी तो तीन युवक सामने आए। बुधवार को फुटेज में सामने आए युवक को बैंक कर्मचारियों ने बैंक के आसपास घूमता देख दबोचा लिया और जमकर पिटाई की। इस दौरान पूर्व में जिन लोगों की बाइक चोरी हुई थी, वहां पर पहुंच गए और जमकर पिटाई की। पकड़े गए युवक ने अपने साथियों के नाम भी बता दिए है। जिनमें से एक को मोबाइल पर फोन कर बैंक में बुलाया, उसे भी पकड़कर पीटा गया। बाद में दोनों को पुलिस को सौंप दिया। आरोपी लाल्ला तोमर एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा बताया गया है। पुलिस अन्य साथियों की तलाश कर रही है। इनसे बाइक चोरियां की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।