बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में व्यक्ति को नशीला पदार्थ पिलाकर दो युवकों ने उसकी भतीजी से दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट कर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सोमवार को गांव के ही दो युवक उसके घर आए और उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया। दोनों आरोपियों ने उसकी 16 वर्षीय भतीजी से दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाए जाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। जब उसे होश आया तो भतीजी ने घटना की जानकारी दी। उसने सिंघावली अहीर थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एसपी से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पीड़ित को निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
गेहूं नहीं काटने पर देवरानी-जेठानी को पीटा
बागपत। औसिक्का गांव निवासी रीना पत्नी संजीव कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 26 अप्रैल को वह अपनी जेठानी के साथ खेत में गेहूं की फसल काट रही थी। इसी समय दो लोग आए और उनसे साथ गाली गलौच कर मारपीट की। आरोप है कि गर्दन पर दरांती रखकर धमकी दी कि यदि पहले उनके गेहूं की फसल नहीं काटी तो जान से मार देंगे। जब वे बड़ौत कोतवाली में शिकायत करने के जाने लगी तो नहर की पटरी पर दोनों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर वापस भगा दिया। उन्होंने किसी तरह कोतवाली में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब आरोपी उन्हें मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने एसपी से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की।