बागपत। शहर की राशिद कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि होटलों के आसपास मारपीट और फायरिंग से जीना दुश्वार हो गया है। महिला और युवतियों का वहां से निकलना मुश्किल हो गया है। विरोध करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं।
बुधवार को विभिन्न संगठनों के लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि शहर में कुछ होटल ऐसे हैं, जहां पर शाम होते ही शराबियों का जमघट लगना शुरू हो जाता है। खुलेआम रोड पर शराब पी जाती और मीट का सेवन करते हैं। मारपीट की घटना होना तो यहां आम हो गया है। कई बार शराब के नशे में युवक फायरिंग कर चुके हैं, इससे मोहल्ले में दहशत का माहौल पैदा हो जाता है। शाम के समय यहां से महिला और युवतियों का निकलना तो मुश्किल है। नशे में युवक उनके साथ अश्लील फब्तियां कसते हैं। होटल मालिकों से इसकी शिकायत करते हैं, उनके साथ ही झगड़ा करने पर उतारू हो जाते है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार से कार्रवाई करने की मांग की। इसमें हाजी असलम, सईद, मीर हसन, जाउद्दीन, नजरूद्दीन, हनीफ, इरशाद, निसार, गुलशन, शमा, फरजाना, शकील, इरशाद, शाहिद, रामेश्वर दहिया, अमित चौधरी, सुनील चौहान मुखिया, सचिन भारद्वाज, मनोज चौहान आदि रहे।