अमीनगर सराय (बागपत)।
स्कार्पियो गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने बागपत-मेरठ मार्ग स्थित पिलाना भट्ठे के पास पेट्रोल पंप पर सेल्समैन ने हजारों रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर सेल्समैन को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मोदीनगर निवासी पवन शर्मा पिलाना भट्ठे के पास स्थित इंडियन ऑयल पेंट्रोल पंप पर सेल्समैन है। पवन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात पेट्रोल पंप पर स्कार्पियो सवार चार युवकों ने गाड़ी की टंकी फुल करने को कहा। सेल्समैन ने टंकी में पेट्रोल भरने के बाद जैसे ही गाड़ी में सवार युवकों से रुपये मांगे तो बदमाशों ने उस पर तमंचे तान दिए और उससे 8700 रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर सेल्समैन को मारपीट कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शोर सुनकर पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे और बाइक से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। यह वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। इस संबंध में सेल्समैन ने सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कर रही है। स्कार्पियो गाड़ी हरियाणा की बताई जा रही है।