बागपत। छात्र देव की हत्या के केस का अधूरा खुलासे का आरोप लगाकर परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को एसपी दफ्तर में प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से वारदात में शामिल सभी लोगों को जेल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
छात्र आरव उर्फ राजा उर्फ देव (08) की अपहरण के बाद हुई हत्या के खुलासे पर न केवल उसके परिजन सवाल उठा रहे हैं, बल्कि गांव और क्षेत्र के लोग भी इससे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा इतनी बड़ी वारदात को अकेला एक आरोपी अंजाम नहीं दे सकता है। इसमें अन्य लोग भी शामिल रहे हैं। पुलिस उनको बचा रही है। इसी को लेकर सोमवार को कुछ लोग एसपी दफ्तर पर पहुंचे। उन्होंने एसपी से केस का पूरा खुलासा करने की मांग की। इस मौके पर मृतक देव के पिता अजय त्यागी के अलावा जिला पंचायत सदस्य दीपक यादव, एडवोकेट अमित त्यागी, बिजेंद्र त्यागी, मूलचंद, नरेंद्र, विनोद, नरेंद्र त्यागी, राजेश्वर त्यागी, बालेश्वर, वेदप्रकाश आदि रहे।
उधर, एसपी जय प्रकाश ने कहा केस की विवेचना चल रही है, हर बिंदु की जांच चल रही है। जल्द ही केस का खुलासा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि छात्र देव का चार जनवरी को जागरण समारोह से अपहरण हुआ । 13 तारीख को गांव में ही हिंडन नदी में शव मिला । पुलिस ने दो दिन पहले गांव के ही नवीन को गिरफ्तार कर केस का खुलासा किया।