बागपत। दुष्कर्म कर चलती कार से हाईवे पर महिला को फेंकने के मामले में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आ गया। पुलिस का दावा है कि महिला के साथ इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। एक एचसीपी ने अपनी पुत्रवधू से छुटकारा पाने के लिए एक महिला से उसके भाई पर आरोप लगवाए हैं। पुलिस महिला को लेकर बिजनौर पहुंची। कई युवकों को खड़ा कर शिनाख्त परेड कराई, लेकिन पुलिस का दावा है जिस युवक पर वह आरोप लगा रही है, उसे ही नहीं पहचान सकी है।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर स्थित मवी कलां गांव के पास बुधवार सुबह को एक महिला अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़ी मिली । होश में आने के बाद महिला ने खुद को अमरोहा की बताकर कहा नौकरी का झांसा देकर बिजनौर के एक युवक ने उसके साथ कार में दुष्कर्म किया, बाद में उसको हाईवे पर फेंककर चला गया। उसकी तहरीर पर कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ । पुलिस ने बिजनौर और अमरोहा में जांच की।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा आरोपी युवक मूलरूप से अमरोहा के गजरौला का रहने वाला है। उसकी बहन आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर बिजनौर में तैनात है। उसकी शादी अलीगढ़ निवासी युवक के साथ 16 अप्रैल 2016 को हुई । युवक का पिता पुलिस विभाग में एचसीपी के पद पर हापुड़ में तैनात है। शादी के 10-15 दिन बाद ही पति-पत्नी में विवाद हो गया । महिला सिपाही ने अपने पति और जेठ के खिलाफ बिजनौर थाने में मुकदमा दर्ज कराया ।
पुलिस का दावा है एचसीपी ने अपनी पुत्रवधू से छुटकारा पाने और मुकदमे में समझौते के लिए दबाव बनाने के लिए दुष्कर्म की कहानी तैयार की। इसके लिए अमरोहा की एक महिला को तैयार किया। जो उसकी पहले से ही परिचित है। इसके बाद आरोपी एचसीपी के कहने पर महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी ने बताया महिला के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके आधार पर कार्रवाई होगी। हालांकि दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़ित महिला अभी भी अपने बयान पर अडिग है। उधर, पुलिस ने बृहस्पतिवार को बिजनौर में कई युवकों को खड़ा कर आरोप लगाने वाली महिला से शिनाख्त की बात कही। लेकिन महिला आरोपी को नहीं पहचान सकी।
ससुराल और बिचौलिया
के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज
बागपत। पुलिस ने बताया महिला सिपाही ने अपने ससुर और शादी कराने वाले बिचौलिया पर भी फैसले का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए बिजनौर में मुकदमा दर्ज करा दिया । इस मामले में पंचायत भी हुई , लेकिन केस में समझौता नहीं हुआ।
महिला सिपाही की मां बोली, ससुराल में नहीं भेजेंगे लड़की को
बागपत। आबकारी विभाग की सिपाही की मां का कहना है कि उसकी बेटी के साथ ससुरालियों ने खूब मारपीट की। उसका उत्पीड़न किया। अब वहां पर अपनी लड़की नहीं भेजनी है।