बागपत/खेकड़ा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां टोल के पास लोकसभा के मद्देनजर उड़न दस्ते की टीम ने सेंट्रो कार से 17 लाख रुपये पकड़े। तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। युवक ने बताया कि वे पशु व्यापारी है। बड़ौत पशु पैठ में पशु खरीदने जा रहे थे। पुलिस को युवक रुपये का हिसाब नहीं दे पाए। पुलिस ने इनकम टैक्स की टीम को सूचना दे दी है। इनकम टैक्स की टीम बरामद की गई नगदी की जांच करेगी।
एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार की सुबह साढ़े चार बजे उड़न दस्ता टीम के प्रभारी नरेंद्र सैनी, एसआई श्रीपाल शर्मा, कांस्टेबल रोबिन, रक्षित राजा, हरिओम पंवार ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां टोल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी समय गाजियाबाद की तरफ से सेंट्रो कार टोल पर आकर रुकी। टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें 17 लाख रुपये की नगदी बरामद हुई। कार मेें सवार युवकों से लिखित में सबूत मांगा, लेकिन वे हिसाब नहीं दे पाए। पकड़े गए युवक इस्लाम पुत्र कादिर, अनवर पुत्र मुन्ना, इकराम पुत्र हाजी मेहरबान निवासी जलीलपुर थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर के रहने वाले हैं। पुलिस तीनों को खेकड़ा थाने ले गई। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे पशु व्यापारी हैं। बड़ौत में लगे वाली पैठ से पशु खरीदने जा रहे हैं। एएसपी ने बताया कि युवक नगदी का कोई हिसाब नहीं दे पाए। इनकम टैक्स की टीम को बुलाया है। इनकम टैक्स की टीम रुपये की जांच करेगी। यदि कोई गड़बड़ी मिलती है तो तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बाहर से नहीं आने दिया जाएगा धन
बागपत। एएसपी ने बताया कि लोकसभा चुनाव शुरू होते ही नेताओं ने धन जुटाना शुरू कर दिया। इस धन का प्रयोग चुनाव में किया जाता है। मतदाताओं को रुपये तक बांटे जाते हैं। धन बल पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने उड़न दस्ता गठित किया है। यह टीम जिले में कहीं भी छापा लगाकर रुपये पकड़ेगी। किसी भी कीमत पर बाहर से धन नहीं आने दिया जाएगा।