बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के गौना सुभानपुर गांव में कोचिंग जा रही छात्रा से चार युवकों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। धमकी दी कि यदि पढ़ाई नहीं छोड़ी तो परिवार सहित जान से मार देंगे। पीड़िता ने थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित परिवार ने एएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
गौना सुभानपुर गांव निवासी छात्रा फात्मा ने एएसपी को बताया कि वह बीए में पढ़ती है। परिवार के कुछ लोग उसकी पढ़ाई का विरोध करते हैं। माता-पिता पर उसकी शादी का दबाव बना रहे हैं। इस कारण वे लोग उनसे रंजिश रखते हैं। 28 जनवरी को वह कोचिंग जा रही थी। रास्ते में चार युवकों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। धमकी दी कि यदि पढ़ाई नहीं छोड़ी तो परिवार सहित जान से मारने कर देंगे। उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 29 जनवरी को फिर से आरोपियों ने घर में घुसकर छात्रा व उसके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। उसे व परिवार को आरोपियों से जान का खतरा बना हुआ है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने चांदीनगर थाना पुलिस को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।