बड़ौत (बागपत)। पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार तड़के एक अधिवक्ता समेत दो लोगों से हजारों की नगदी, मोबाइल लूट ली। सूचना पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी की, लेकिन पता नहीं चल सका।
बुधवार तड़के गांधी रोड से जुड़े ब्रहमपुर मोहल्ले से राजू उर्फ राजकुमार पुत्र जयपाल तड़के पांच बजे पैदल गांधी रोड स्थित अपनी रीशू हेयर कटिंग सैलून की दुकान पर जा रहा था। पत्थर मंडी के पास पहुंचने पर पल्सर बाइक पर सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे 500 रुपये व मोबाइल लूट लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इसके बाद बदमाशों ने बड़ौत-मलकपुर मार्ग पर पटटी चौधरी बड़ौत निवासी धनवीर शर्मा एडवोकेट को निशाना बनाया। वे बाइक पर बड़ौत से मलकपुर दूध लेने जा रहे थे और दूध के रूपये लेकर गए थे। बदमाशों ने तमंचों के बल पर उनसे चालीस हजार की नगदी व मोबाइल लूट कर भाग निकले। लूट की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और नाकाबंदी की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। अधिवक्ता धनवीर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।