बड़ौत (बागपत)।
कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या के खुलासे की मांग को लेकर परिजनों और नगर के लोगों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। उनकी मांग थी कि घटना का सही खुलासा किया जाए और कॉल डिटेल के आधार पर जिन लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं, उनसे पूछताछ की जाए। काफी देर बाद एसएसआई ने आश्वासन दिया कि दो दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि नेहरू रोड पर रविवार को युवक का शव पड़ा था। सोमवार की उसकी शिनाख्त कांग्रेस के नेता अनीस कुरैशी के पुत्र शाकिब के रूप में हुई। जिला अस्पताल में पुन: चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर मंगलवार को परिजनों ने हंगामा किया था, जब जाकर पैनल ने उसका पीएम कराया । मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले के खुलासे के लिए बुधवार को लोग कोतवाली पहुंचे और हंगामा कर सही खुलासे की मांग की। इसी बीच भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर वहां पहुंचे और पीड़ित परिवार का साथ देने की बात की।
परिजनों का कहना था कि मोबाइल कॉल डिटेल के अनुसार चार मई को साढे़ नौ बजे शाकिब को किसी महिला ने फोन कर कोताना रोड पर बुलाया। उस महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाए। कोताना के बाद शाकिब को बाहलगढ़ हरियाणा भी ले जाया गया और वहां पर उसकी हत्या कर शव नाले में फेंक दिया ।
काफी हंगामे के बाद एसएसआई रमेश सिंधु ने आश्वासन दिया कि कॉल डिटेल निकवाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा। परिजनों ने कहा कि जब पुलिस को कॉल डिटेल के रूप में काफी सूत्र हाथ लग चुके हैं तो आरोपियों को पकड़ा क्यों नहीं जा रहा है। बाद मेें एसएसआई ने आश्वासन दिया कि वे दो दिन मेें मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। परिजनों ने कहा यदि मामले का खुलासा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर हाजी जमीरुद्दीन अब्बासी, डॉ. इरफान मलिक, अनीस कुरैशी, इनाम कुरैशी, नसीम मलिक, वसीम, शाहिद मलिक आदि शामिल रहे। इस संबंध मेें सीओ रमानन्द कुशवाहा ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में पानी में गिरने से दम घुटने से मौत हुई है, लेकिन कॉल डिटेल आने पर ही सही खुलासा किया जाएगा।