बड़ौत (बागपत)।
जन्म - मृत्यु प्रमाण पत्र के नाम पर हो रही अवैध वसूली के विरोध में मंगलवार को ब्लाक मुख्यालय पर लोगों ने हंगामा किया और सचिवों पर प्राइवेट कंप्यूटर सेंटरों से मिलीभगत कर गोपनीय पास वर्ड देने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को बावली, मलकपुर, रुस्तमपुर, ढिकाना, लुहारी, बड़ावद आदि गांवों के काफी ग्रामीण ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने कहा उन्हें जन्म - मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर दर्जनों बार ब्लाक मुख्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। आरोप लगाया कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने पर 500 से 1000 रुपये तक खुलेआम वसूले जा रहे हैं। आरोप लगाया कि छपरौली चुंगी स्थित एक प्राइवेट कंप्यूटर सेंटर को अधिकांश सचिवों ने अपने गोपनीय पास वर्ड दे रखे हैं। कंप्यूटर सेंटर संचालक से ही सचिव अवैध उगाही का खेल करा रहे हैं। बीडीओ प्रेमचंद के न मिलने पर लोग तहसील पहुंचे और इसकी शिकायत एसडीएम से की। बीडीओ प्रेम चंद ने कहा लोगों से अवैध वसूली की शिकायत गंभीर है। जांच कर गोपनीय पास वर्ड देने वाले सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हंगामा करने वालों में दीपक, अंकित, बबलू, सुनील, सुधीर, सोनू, राजीव, उपेंद्र आदि रहे।