जिले के एक थाने में सीज कार के चारों टायर बदलने के मामले में पुलिस ने फिर से खेल कर दिया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अफसरों ने जांच के आदेश दिए। जांच से बचने के लिए पुलिस ने फिर से निकाले गए चारों टायरों को फिर से लगा दिया है और नंबर प्लेट हटाकर कार को छिपाकर खड़ी कर दी।
जिले के एक थाने की पुलिस ने 24 अगस्त की रात्रि में पुलिस ने शराब तस्करी में कोरोला कार पकड़ी । पुलिस ने कार से 366 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर गाड़ी सीज की। अब कार थाने में खड़ी हुई है। एक सप्ताह पूर्व किसी ने कार के चारों टायर बदल दिए और उनकी जगह खराब टायर डलवा दिए। इस जानकारी हैड मोहर्रिर को लगी तो उन्होंने अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस अफसर के दबाव के चलते तहरीर वापस ले ली गई। अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो तत्कालीन एसपी जयप्रकाश ने जांच के आदेश दिए । पुलिस ने जांच से बचने के लिए कार से निकाले गए चारों टायरों को फिर से लगा दिया है और नंबर प्लेट उतारकर कार को थाने में छिपाकर खड़ा कर दिया। यह मामला पुलिस कर्मियों में चर्चा का विषय बना रहा। इस संबंध में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।