बड़ौत (बागपत)। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में मंगलवार को एक टीवी की डिबेट के दौरान भाजपा और रालोद कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकारकर कार्यकर्ताओं को दौड़ाया। पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाकर रालोद-सपा-बसपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बड़ौत कोतवाली में धरना शुरू कर दिया। इस दौरान एएसपी से रालोद कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है।
मंगलवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में परिसर में आयोजित एक टीवी चैनल की डिबेट में छपरौली के पूर्व विधायक वीरपाल राठी, केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री की बेटी एवं भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रवक्ता चारू प्रज्ञा, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामकुमार सिंह पहुंचे । डिबेट के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। कुछ ही देर में भाजपा और रालोद कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान गाली गलौज के बाद कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने लाठियां फटकारकर मौके से कार्यकर्ताओं को दौड़ाया। रालोद कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की और उनके ऊपर लाठीचार्ज किया। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के हमले और पुलिस के लाठीचार्ज में रालोद कार्यकर्ता गौरव, विकास प्रधान, शिराज तोमर और राकेश तोमर घायल हो गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग के लिए नाराज रालोद कार्यकर्ता बड़ौत कोतवाली पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एएसपी रण विजय सिंह भी बड़ौत कोतवाली पहुंचे, यहां पर उनकी पूर्व विधायक वीरपाल राठी और रालोद कार्यकर्ताओं के साथ नोकझोंक हुई। देर रात तक रालोद, सपा और बसपा के कार्यकर्ता कोतवाली में डटे रहे। रालोद नेता रिपुदमन की ओर से दो नामजद और कई अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। सीओ रामानंद कुशवाह ने बताया कि रात में करीब साढ़े ग्यारह बजे स्थानीय बाजार पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कुमार की तरफ से मामले में करीब तीन सौ लोगों के खिलाफ अज्ञात में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी। दूसरी तरफ एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई होगी।
मेडिकल के बाद होगा मुकदमा, धरना खत्म
बड़ौत (बागपत)। रालोद-सपा-बसपा कार्यकर्ताओं का धरना देर रात एएसपी रणविजय सिंह के आश्वासन पर उठा लिया गया। सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, रालोद नेता अश्वनी तोमर, बसपा नेता सलीम चौधरी, सुरेश मलिक और रणवीर प्रधान गुराना के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी से बातचीत की। भरोसा दिलाया गया कि मेडिकल के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा, निष्पक्ष कार्रवाई होगी। इसके बाद गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं कार्यकर्ता, सोशल मीडिया पर भी जंग
बड़ौत (बागपत)। बागपत लोकसभा सीट का चुनाव भाजपा और रालोद के बीच नाक का सवाल बनता जा रहा है। यही वजह है कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव है। बड़ौत कोतवाली में देर रात तक रालोद के साथ गठबंधन के साथी सपा और बसपा नेताओं ने भी धरना दिया। चुनाव से पहले अगर पुलिस तनाव को भांपने में नाकाम रही तो जिले के कई गांवों मेें झगड़ा होने की आशंका है।
बागपत लोकसभा सीट का चुनाव दोनों दलों के वजूद का इम्तिहान है। सोमवार को नामांकन के बाद मंगलवार को चुनाव का माहौल गरम दिखा। टीवी डिबेट में दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। रालोद-सपा-बसपा नेताओं ने पुलिस पर भी आरोप लगाए। कोतवाली में ही पुलिस के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा और रालोद के बीच तनाव का माहौल था। यहां तक की फिल्म अभिनेता सनी देओल पर भी उपले फेंके गए थे। पांच साल बाद फिर से होने जा रहे लोकसभा चुनाव में फिर से तनाव का माहौल बन गया है। ऐसे में पुलिस से अगर चूक हुई तो मतदान के दिन झगड़ा की आशंका है। देर रात तक बड़ौत कोतवाली में धरने पर पूर्व विधायक वीरपाल राठी, अश्वनी तोमर, सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, अरुण तोमर बॉबी, सतीश, रामकुमार, सुरेश मान, सलीम चौधरी, प्रमेंद्र तोमर, धीरज उज्ज्वल, इरफान मलिक, रिपुदमन सिंह मौजूद रहे।
किसने क्या कहा
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्यक्ष का कहना है कि रालोद कार्यकर्ताओं ने ही गाली-गलौज की। भाजपा कार्यकर्ताओं की गलती नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।
पूर्व विधायक वीरपाल राठी का कहना है कि रालोद कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। प्रकरण में पुलिस को सख्त कदम उठाना चाहिए। पुलिस सत्ता के दबाव में कार्य कर रही है।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह के प्रतिनिधि ठाकुर प्रदीप सिंह का कहना है कि रालोद कार्यकर्ता चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
रालोद नेता अरुण तोमर बॉबी का कहना है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा ने रालोद कार्यकर्ताओं पर हमला कराया है। जनता अब भाजपा का खेल समझ चुकी है।