बिजली तारों की चपेट में आया ट्रक, क्लीनर की मौत
रायपुररानी। गांव ककराली के नजदीक चालक की लापरवाही के चलते एक ट्रक बिजली की तारों की चपेट में आने पर क्लीनर की मौत हो गई व चालक मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात दवाइयों से भरा ट्रक अंबाला से नारायणगढ़ की तरफ जा रहा था। इस दौरान ट्रक तारों की चपेट में आने पर यह हादसा हो गया। पुलिस को दी शिकायत में मृतक युवक वाजिद के भाई वासिद पुत्र समसाद गांव रामड़ा जिला पानीपत वासी ने बताया कि वो खेतीबाड़ी का काम करते है और उसका छोटा भाई वाजिद ट्रक पर क्लीनर का काम करता है वह 4-5 दिन के लिए काम पर जाने की बात कहकर आया था और आज ककराली के पास बिजली के तारों की चपेट में आने से उसके भाई की मौत हो गई। इस हादसे में ड्राइवर की बड़ी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ और वाजिद की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी जांच में ट्रक चालक शार्टकट रास्ते से नारायणगढ़ जाने लगा था जिस कारण यह हादसा हुआ लेकिन चालक का मौके से फरार होना भी संदेह की बात है जिसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।