बागपत। मेरठ रोड पर शुगर मिल के पास दो दिन पहले मिला लावारिस ट्रक हरियाणा के कुंडली से चोरी हुआ । ट्रक से 40 लाख रुपये की कीमत का प्लास्टिक दाना गायब हुआ है। हरियाणा पुलिस ट्रक को अपने साथ ले गई।
हरियाणा के कुंडली थाने के हैड कांस्टेबल सुखवीर सिंह ने बताया कि 28 नवंबर को कुंडली में केएफसी रेटोरेंट के पास से नरेला निवासी जयवीर का ट्रक चोरी हो गया । ट्रक में इंडियन ऑयल रिफाइनरी कंपनी पानीपत का 25 टन प्लास्टिक दाना लदा था। इसकी कीमत 40 लाख रुपये है। पानीपत से नासिक माल जाना था। ट्रक मालिक ने कुंडली थाने में मुकदमा दर्ज कराया । दो दिसंबर को खाली ट्रक बागपत में मेरठ रोड पर शुगर मिल के पास लावारिस खड़ा मिला। ट्रक से माल गायब था। कोतवाली पुलिस ने कुंडली थाना पुलिस को ट्रक की जानकारी दी। मंगलवार को हरियाणा पुलिस ट्रक अपने साथ ले गई।