किराया मांगने पर परिचालक को पीटा
बड़ौत (बागपत)। बड़ौत से छपरौली जा रही निजी बस में सवार युवकों से पैसा मांगने पर उन्होंने परिचालक से मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने परिचालक के थैले से 13 हजार रुपये भी निकाल लिए। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।
लोयन मलकपुर का निवासी विकास तोमर निजी बसों का एजेंट है। उसने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार शाम एक बस बड़ौत से छपरौली जा रही थी। इसमें बड़ौत से आठ-दस युवक चढ़े। बस के परिचालक लोकेंद्र तोमर ने उसने किराया मांगा तो वह मनमानी करने लगे। जैसे ही बस मिल गेट के पास पहुंची तो युवकों ने परिचालक से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवक उसके थैले से 13 हजार रुपये लेकर भाग निकले। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।