बड़ौत (बागपत)। औढ़ापुर गांव के ग्रामीणों ने रविवार को गांव मेें ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निगम की टीम पर चेकिंग अभियान के बहाने अवैध वसूली का आरोप लगाया।
रविवार को गांव मेें प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि ऊर्जा निगम की टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाकर लोगों को डरा धमकाकर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। हाल ही में चेकिंग अभियान के बहाने गांव मेें तैनात संविदा कर्मचारियों ने गांव के वकील, जब्बार पुत्र मुकामुदीन के मकान मेें छापेमारी कर घर में मौजूद महिलाओं को डरा धमकाकर व उनसे अभद्रता कर हजारों रुपये ऐंठ लिए। उस समय वकील व जब्बार घर से बाहर गए हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब घटना की जानकारी होने के बाद वकील व जब्बार संविदा कर्मचारियों के पास पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता की गई और झूठी एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी। जेई से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया और जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। उधर जेई अरुण कुमार ने अनभिज्ञता जताते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया। इसमें सलीम, नवाब, नदीम, शौकत, मेहरदीन, अखलाक, महबूत, यामीन, जावेद आदि रहे।