बिनौली (बागपत)।
थाना क्षेत्र के बुढे़डा गांव में चोपड़ा मार्ग पर गो तस्कर दो घुमंतू गोवंश का कटान कर अवशेषों को गाड़ी में भरकर ले गए। बुधवार तड़के जंगल में गोवंश का खून और अवशेष देखकर ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया। इस दौरान सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए उन्होंने हंगामा किया।
बुढेडा गांव निवासी अमित पुत्र आत्माराम और गांव के अन्य युवा बुधवार तड़के छह बजे चोपड़ा मार्ग पर दौड़ लगाने गए तो गांव के समीप मांगे पुत्र रघुवीर के खेत में ताजा खून, गोबर, रस्से और गोवंश के अवशेष देखे। वहां काफी ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर सीओ बागपत दलीप सिंह, थाना प्रभारी बिनौली अनुराग शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सिंघावली अहीर थाने का फोर्स भी पहुंचा। मौके से पुलिस ने गोवंश के कुछ अवशेष, रस्से आदि बरामद किए। इस दौरान ग्रामीणों ने घटना का खुलासा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। ग्राम प्रधान कृष्णपाल सिंह, कैप्टन महाराम सिंह, मास्टर सूरजपाल सिंह, कंवर पाल, गिरिराम शर्मा, प्रशांत भाटी, अनिल, कुलदीप पटवारी ने कहा दस दिन पहले भी इंटर कॉलेज के पास एक घुमंतू सांड़ का कटान किया और अब दो घुमंतू गोवंश का कटान किया। जल्द ही दोनों घटनाओं का खुलासा कर आरोपी गिरफ्तार नहीं किए तो आंदोलन किया जाएगा। थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा मामले की जांच शुरू कर दी।