चांदीनगर (बागपत)। क्षेत्र के ढिकौली गांव में मामूली कहासुनी के बाद युवक ने बड़े भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है।
घायल चंद्रपाल थाना क्षेत्र के ढिकौली गांव का रहने वाला है। शनिवार को चंद्रपाल की अपने छोटे भाई से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। छोटे भाई को इतना गुस्सा आ गया कि वह घर से तमंचे लेकर आया और अपने बड़े भाई चंद्रपाल पर गोली चला दी। गोली सिर को छूती हुई निकल गई। इससे बड़ा भाई घायल हो गया। इससे मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। किसी ने पुलिस को फोन कर गांव में गोली चलने की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। इस वारदात के बाद आरोपी गांव से भाग गया। इस मामले में अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी। चांदीनगर थाना प्रभारी राजेश भारती ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कोई तहरीर लेकर आता है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।