बड़ौत (बागपत)।
गुराना गांव में मामूली झगड़े के बाद आठ-नौ बाइकों पर आए 13 -14 युवकों ने एक मकान पर हमला बोल दिया और तमंचे से फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उधर दौड़े तो बाइक पर आए हमलावर भागने लगे, लेकिन एक को ग्रामीणों ने पकड़ पुलिस को सौंप दिया और हमलावरों की दो बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली।
मंगलवार को मनीष पुत्र सुखपाल का गांव के ही मोटी नामक युवक से झगड़ा हो गया। बाद में ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। बुधवार को मनीष के घर में गांव के कुछ लोग बैठे थे और मनीष घर में नहीं था तो आठ-नौ बाइकों पर 13-14 युवक आए और वहां बैठे व्यक्तियों को निशाना साधकर तमंचों से गोलियां चलाई। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई और देखते ही देखते गांव के लोग लाठी-डंडे और भाले लेकर उधर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देखकर युवक बाइकों पर सवार होकर भागने लगे, लेकिन एक को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया और हमलावर दो बाइक भी छोड़कर भाग निकले। पकड़ा गया युवक रवि तोमर पुत्र ओमकार हिलवाड़ी गांव का है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। सुखपाल ने इस संबंध में तहरीर दी।