शहर में पक्का घाट के पास पुलिस ने छापा लगाकर यमुना नदी के कच्चे रास्ते हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही 70 पेटी देसी शराब पकड़ी। तस्कर पुलिस के सामने से नदी पार कर हरियाणा की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने शराब को कब्जे में ले लिया। लोकसभा चुनाव में बांटने के लिए शराब लाई गई थी। शराब की कीमत डेढ़ लाख रूपये बताई गई है।
यूपी-हरियाणा सीमा की चौकियों पर पुलिस की सख्ती के चलते शराब माफिया ने यमुना नदी के कच्चे रास्तों से अवैध शराब की तस्करी करनी शुरू कर दी। यमुना नदी में कम पानी होने के कारण शराब माफियाओं के गुर्गे सिर पर पेटियां रखकर यमुना नदी पार कर लाते हैं। मंगलवार की सुबह आठ बजे कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश को सूचना मिली पक्का घाट के पास यमुना नदी के कच्चे रास्ते से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। उन्होंने एसआई करनवीर को टीम के साथ भेजा। पुलिस ने यमुना नदी पर छापा लगाकर 70 पेटी देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद की। जबकि शराब तस्कर पुलिस के सामने यमुना नदी पार कर हरियाणा की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने शराब को कब्जे में ले लिया। तस्करों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह शराब लोकसभा चुनाव में बांटने के लिए लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि निवाड़ा चैक पोस्ट पर बैरियर लगाकर 24 घंटे वाहनों की चेकिंग की जा रही है। चौकी से शराब नहीं निकलने दी जाएगी। यमुना नदी के कच्चे रास्तों पर भी पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है।
यमुना नदी पर शराब, पुलिस सड़कों पर छान रही खाक
बागपत। जिले में कई जगह यमुना नदी के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सिसाना, पक्का घाट बागपत, पुराना कस्बे में यमुना नदी के कच्चे रास्तों से भारी मात्रा में हरियाणा से शराब लाई जा रही है। हरियाणा के शराब माफिया यमुना नदी के दूसरी तरफ शराब की पेटियां लेकर आते है। इसके बाद यूपी के शराब माफिया नदी पार कर शराब ले जाते है। पुलिस सड़कों पर खाक छानती रहती है।