बड़ौत (बागपत)। दो महिला लेखपालों के साथ बदसलूकी के बाद लेखपालों द्वारा वीआरसी में कंप्यूटर आपरेटर और आरके प्रभारी के साथ मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में एसडीएम ने जांच के बाद दोषी पाने पर लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष सतपाल सिंह को निलंबित कर दिया।
17 जनवरी को दो महिला लेखपालों पर अभद्रता का आरोप लगाकर तहसील अध्यक्ष सतपाल सिंह के नेतृत्व में कुछ लेखपालों ने मतदाता पंजीकरण केंद्र पर तैनात कंप्यूटर आपरेटर मिंटू और आरके प्रभारी सुनील दत्त शर्मा के साथ मारपीट कर तोड़फोड़ की थी। इसे लेकर दोनों पक्षों ने डीएम और एसडीएम को ज्ञापन दिए। इसके बाद एसडीएम आशीष कुमार ने नायब तहसीलदार नसीम अहमद से जांच सौंपी । उन्होंने जांच में तहसील अध्यक्ष सतपाल सिंह को सरकारी आचरण नियमावली के विपरीत कार्य कर अशोभनीय कृत्य कारित के तहत दोषी पाया और इसकी रिपोर्ट एसडीएम आशीष कुमार को सौंपी। इसके बाद एसडीएम आशीष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेकर लेखपाल सतपाल सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही प्रतिदिन कार्यालय मेें उपस्थित होकर पंजिका में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।