बागपत। लुहारा गांव के छात्र विशाल हत्याकांड में बड़ौत पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद बड़ौत से ट्रक में लिफ्ट लेकर हरियाणा के सोनीपत में उतर गया था। छात्र का मोबाइल ट्रक में ही छोड़कर चले गए। ट्रक चालक को ट्रक के अंदर से मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने चालक को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस अफसरों का दावा है कि जल्दी ही केस का खुलासा किया जाएगा।
छपरौली थाना क्षेत्र के लुहारा गांव निवासी विशाल पुत्र महक सिंह बड़ौत में नेहरू रोड से सटी ईश्वर कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर रहता था और कस्बे के एक डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। रविवार की रात में धारदार हथियार से काटकर छात्र की हत्या कर दी। सोमवार को कमरे से छात्र का शव बरामद हुआ। परिजनों ने एक युवक को नामजद कर बड़ौत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस मामले में अभी तक आरोपी को नहीं पकड़ पाई है। पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद बड़ौत से ट्रक में लिफ्ट ली । हरियाणा के सोनीपत में वह ट्रक से उतर गया और मृतक छात्र का मोबाइल स्विच ऑफ कर ट्रक में छोड़ दिया। थोड़ी देर बाद ट्रक के अंदर से चालक को मोबाइल मिला। उसने मोबाइल का स्विच ऑन कर दिया। मोबाइल चालू होते ही पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली। पुलिस अफसरों ने मोबाइल पर ट्रक चालक से बात भी की। पुलिस ने पूछताछ के लिए ट्रक चालक को कोतवाली बुलाया है। इस संबंध में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मृतक का मोबाइल ट्रक में मिला है। ट्रक चालक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। मोबाइल को ट्रक में छोड़ा गया है या फिर फेंका है, इसका पता लगाया जा रहा है।