छपरौली (बागपत)।
कस्बे में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शबगा के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ओमपाल सिंह से बाइक सवार दो बदमाश 79 हजार रुपये से भरा थैला लूटकर भाग गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
बरेली निवासी ओमपाल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शबगा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वह छपरौली में कमरा किराये पर लेकर रहता है। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार की दोपहर बाद बड़ौत के ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स से 79 हजार रुपये निकालकर छपरौली के लिए चला। छपरौली कस्बे में जब वह अपने घर के सामने पहुंचे तो पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए और तमंचे के बल पर उससे नगदी से भरा बैग लूटकर ले गए। पीड़ित ने शोर मचाया लेकिन किसी ने बदमाशों को रोकने की हिम्मत नहीं की। ओमपाल सिंह ने थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।