बड़ौत (बागपत)।
नगर में बुधवार को पावर कारपोरेशन की टीम ने बकाएदारों पर शिकंजा कसने के लिए ताबड़तोड़ डिस्कनेक्शन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई जगहों पर टीम की उपभोक्ताओं से नोकझोंक हुई। हालांकि हंगामे के बीच टीम दर्जनों बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटने और लाखों की राजस्व वसूली करने में सफल रही है।
एसई रामबीर सिंह के निर्देश पर बुधवार को अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह, एसडीओ चैन सिंह के संयुक्त नेतृत्व में गठित टीम ने नगर में पठानकोट मोहल्ले, गुराना रोड, गांधी रोड और बड़का रोड पर ताबड़तोड़ डिस्कनेक्शन अभियान चलाया। इससे बकायादारों मेें अफरा-तफरी मच गई। अभियान के दौरान पठानकोट मोहल्ले और गुराना रोड पर उपभोक्ताओं की टीम से नोकझोंक हुई। उपभोक्ताओं का आरोप था कि टीम जिन उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटती है, उनमेेें से कुछ उपभोक्ताओं से पैसे लेकर कुछ बाहरी लोग कर्मचारियों से मिलीभगत कर उनके दोबारा से विद्युत कनेक्शन जुड़वा देती है। यदि कोई अन्य उपभोक्ता इसका विरोध करता है तो उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। हालांकि टीम हंगामे के बीच 20 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटने मेें सफल रहती है। करीबन 2.50 लाख रुपये की राजस्व वसूली की जाती है। एसडीओ चैन सिंह ने कहा निगम का नुकसान बर्दास्त नहीं किया जाएगा। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। मामला सही मिलने पर उक्त कर्मचारी और बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। टीम में अवर अभियंता विनय कुमार शर्मा, नरेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र सिंह तोमर, यामीन, इमरान, शीलू, राजेंद्र आदि रहे।