बागपत। दुल्हेंडी पर जगह-जगह मारपीट की घटनाएं हुई। इनमें एक दर्जन के लगभग लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के फैजपुर निनाना गांव में दुल्हेंडी पर रंग लगाने को लेकर युवकों के बीच हुए मामूली विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में पथराव, लाठी-डंडे़ और धारदार हथियार चले। इसमें एक पक्ष के ओमपाल और उसके बेटे रवि और राहुल, दूसरे पक्ष के पप्पू और टीटू पुत्र पूरन, सुजवाड़ा पुत्र बुद्ध प्रकाश निवासी फैजपुर निनाना और नीरज पुत्र ओमकार निवासी रोशनगढ़ घायल हुए । दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी । पुलिस ने घायलों को सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल से राहुल को मेरठ रेफर किया। वहीं बड़ौत रोड बागपत में वैन चालक छोटू द्वारा बाइक में टक्कर मारने पर पांच-छह युवकों ने उसकी जमकर पिटाई की। कार के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उसने अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी । वहीं चौहलदा गांव में दुल्हेंडी पर हुए विवाद में 8-10 लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला बोला और उनकी लाठी-डंडों से हमलाकर घायल कर दिया। इसमें रीता पुत्री सोमपाल, आकाश और अजय पुत्र सोमपाल निवासी चौहलदा घायल हुए हैं। उन्होंने हमलावरों के खिलाफ बागपत कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। सरूरपुर गांव में भगत सिंह पुत्र मांगेराम, राम कौर पत्नी प्रहलाद सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं दुल्हेंडी पर कोतवाली क्षेत्र के अन्य गांवों में रंग लगाने को लेकर मामूली विवाद हुए, अभी तक कोई कोतवाली में तहरीर लेकर नहीं आया।