निवाड़ा पुलिस चौकी पर बैरियर तोड़कर भाग रही शराब से लदी बोलेरो पिकअप गाड़ी को पुलिस ने राष्ट्र वंदना चौक के पास घेरकर पकड़ लिया। गाड़ी से 180 पेटी देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई है। यह शराब बड़ौत में सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने तस्कर के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
यूपी-हरियाणा बार्डर की चौकी निवाड़ा पर पुलिस बैरियर लगाकर रविवार को दोपहर के समय वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा की तरफ से बोलेरो पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। चालक बैरियर तोड़कर भाग निकला। पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर राष्ट्र वंदना चौक के पास घेरकर पकड़ लिया। पुलिस चालक सहित गाड़ी को कोतवाली ले गई। गाड़ी में भूसे के बोरों के नीचे शराब की शराब की पेटियां लदी थी। पुलिस ने गाड़ी से 180 पेटी देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद की। पकड़ा गया शराब तस्कर नीरज निवासी बड़ौत है। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि बड़ौत में शराब सप्लाई करनी थी। वह काफी दिन से हरियाणा से शराब की तस्करी कर रहा है। पुलिस ने तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि गाड़ी से 180 पेटी देसी शराब बरामद हुई है।