किरण हत्याकांड : अलग-अलग बयानों में उलझी पुलिस
छपरौली। लूंब गांव में छात्रा किरण हत्याकांड में पुलिस उलझ गई है। परिजनों द्वारा पुलिस को अलग-अलग तरह के बयान दिए गए हैं। पुलिस ने रिश्तेदारों के अलावा कई ग्रामीणों से भी पूछताछ की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला जबकि पुलिस दावा कर रही है कि जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर जनपद के करीमपुर गांव निवासी मनोज शर्मा की 14 वर्षीय बेटी किरण लूंब गांव में अपने नाना महिपाल के पास पढ़ाई करने आई थी। गत रविवार की रात छात्रा किरण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके चेहरे पर दाई तरफ आंख के नीचे गोली लगी हुई थी। परिजनों ने पुलिस को 10 घंटे बाद घटना की जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों, रिश्तेदारों व गांव के युवकों से पूछताछ की। उनसे भी सही जानकारी नहीं मिल पाई। परिजनों द्वारा पुलिस को अलग-अलग तरह के बयान दिए गए हैं। पुलिस हत्याकांड में उलझ गई है। थानाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया कि छात्रा की हत्या के मामले मे कई लोगों से पूछताछ की गई है। अभी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। हत्या के खुलासे को लेकर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। जल्दी ही इसका खुलासा किया जाएगा।