बिनौली (बागपत)।
बड़ावद गांव में शुक्रवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने दो सगे भाईयों को निशाना बनाकर फायरिंग की, इसमें दोनों घायल हो गए। बाद में बदमाश तमंचे लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर एसपी, एएसपी, थाना पुलिस, सीओ बड़ौत और बागपत मौके पर पहुंचे और छानबीन की। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया।
बड़ावद गांव में शुक्रवार को जब दुल्हेंडी पर मिंटू और अरुण पुत्र गुलाब वाल्मीकि अपने घर के बाहर होली खेल रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश जिनके चेहरे पर काला रंग पुता था, वहां आए और फिल्मी स्टाइल में दोनों भाइयों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से गांव के लोग दहशत में आ गए। इसके बाद आरोपी तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। मिंटू को गोली सिर में लगी है, जबकि अरुण के चेहरे से गोली लगते बाहर निकल गई। उन्हें बड़ौत के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया। सूचना पर एसपी जयप्रकाश, एएसपी, सीओ बागपत दिलीप सिंह, सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा, थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगेे। घायलों के चचेरे भाई शेखर पुत्र बालेश्वर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।