बागपत। असारा गांव में दलित परिवार को गांव छोड़ने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी उन पर हमला कर चुके है। शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एसपी दफ्तर पर पहुुंचकर प्रदर्शन कर शिकायत की है।
असारा गांव के दलित समाज के काफी लोग एसपी दफ्तर में पहुंचे। उन्होंने कहा युवती विनीता क्षेत्र के एक कॉलेज से बीटीसी कर रही है। उसका भाई निदेश उसको बाइक से नौ नवंबर को कॉलेज से लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही दूसरे समुदाय के युवकों ने पहले उनकी बाइक में अपनी बाइक से टक्कर मारी। इसके बाद उनकी पिटाई की। इससे पहले आरोपियों ने उनके परिजनों के साथ खेत में मारपीट की । इस घटना की पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा अब आरोपी उनको गांव छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने एसपी दफ्तर पर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया और एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । इसमें हरवीर, लख्मी, महावीर, महेंद्र, ब्रह्म पाल, रमेश, वंदना, कुसुम, सरोज आदि रही। दूसरी तरफ एसपी जय प्रकाश ने रमाला पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।