बागपत। कोतवाली क्षेत्र के बाघू गांव में रुपये के लेन-देन को लेकर दो समुदाय के बीच संघर्ष हुआ। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव हुआ और धारदार हथियार चले। इसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।
बाघू गांव निवासी सुमेश ने अपने पड़ोसी बाबू को 10 हजार रुपये उधार दिए । शनिवार को वह अपने रुपये लेने गया तो उनमें विवाद हो गया। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से धारदार हथियार चले। छतों से पथराव शुरू हो गया। झगड़े में एक पक्ष के तेज सिंह और अजीत, दूसरे पक्ष के बाबू, नवाब और सोनू घायल हो गए। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। एक पक्ष की महिला ने कोतवाली में हंगामा किया और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी।