खूनी संघर्ष में नहीं पकड़े गए फरार हुए आरोपी
बागपत। शहर के पुराना कस्बे में लक्ष्मण चौक पर दो माह पहले हुए दो समुदाय के बीच खूनी संघर्ष के मामले में फरार आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ पाई। एएसपी ने कोतवाली पुलिस को लोकसभा चुनाव से पहले सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुराना कस्बा में लक्ष्मण चौक पर 24 दिसंबर 2018 कमें मामूली विवाद को लेकर रामपाल और पूर्व सभासद इरशाद पक्ष में खूनी संघर्ष हुआ था। दोनों पक्षों में तरफ से पथराव हुआ। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। दोनों तरफ से फायरिंग भी हुई। रामपाल और उसके भतीजे मोहित की परचून की दुकान में तोडफ़ोड़ कर सामान लूट ले गए थे। हमलावर तीन पशु भी लूट ले गए। दोनों पक्षों ने पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की। पथराव में सिपाही राहुल और मनोज ईंट लगने से घायल हुए थे। इस मामले में एक पक्ष के कंवर सैन ने इमरान, पूर्व सभासद इरशाद, चांद, अनस, परवेज, अमजद, करीम, शौकीन, सलमान, बल्लासानी, कय्यूम व कुछ अज्ञात और दूसरे पक्ष के सलीम ने लक्ष्मण, कंवरसैन, कंवरपाल, वीर सैन, रमपाल, मोहित, राम सिंह एवं दो-तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने भी दोनों पक्ष के 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस पर पथराव करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य आरोपी फरार है। पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कोतवाली पुलिस को आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए है।