दोघट (बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत किशोरी समेत आरोपी युवक को पुलिस ने कासिमपुर खेड़ी से बरामद कर लिया है। युवक ने नाम बदलकर किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया । मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव से 25 दिन पहले 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने सहारनपुर के झाडवन गांव निवासी युवक के खिलाफ थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने किशोरी और आरोपी युवक को कासिमपुर खेड़ी से बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी विपुल शर्मा उर्फ अजय कुमार उर्फ मोहम्मद असलम पुत्र नानू निवासी झाडवन जनपद सहारनपुर है। एसओ ने बताया कि स्कूल के कागजात में आरोपी का नाम विपुल शर्मा है। उसने किशोरी को प्रेम जाल में फंसाने के लिए अपना नाम बदल लिया और मोहम्मद असलम बनकर किशोरी से दोस्ती की। पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस ने चार वारंटी गिरफ्तार
दोघट (बागपत)। पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे बामनौली गांव निवासी दिनेश पुत्र महेंद्र, मोहम्मदपुर खुंटी निवासी नीरज पुत्र बुद्धू, इंद्रपाल पुत्र बीरबल और निरपुड़ा निवासी सुधीर पुत्र प्रेम सिंह को गिरफ्तार किया है। एसओ ने बताया कि न्यायालय में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने चारों के वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।