बड़ौत (बागपत)।
खामपुर लुहारी इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड इंटर की परीक्षा देकर बाइक से मुजफ्फरनगर जा रहे एक छात्र को बोलेरो और बाइकों पर सवार युवकों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे छात्र घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना 100 डायल पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पर वहां काफी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए और पुलिस का घेराव किया। कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों ने बड़ौत-कोताना मार्ग भी अवरुद्ध किया। इस संबंध में छात्र ने कोतवाली में तहरीर दी।
हिमांशु पुत्र मनोज सीलमपुर मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। उसने यूपी बोर्ड इंटर का प्राइवेट फार्म भरा और उसका सेंटर खामपुर लुहारी इंटर कॉलेज में है। अंग्रेजी का प्रश्न पत्र आउट होने के कारण यह परीक्षा रद कर दी गई थी। मंगलवार को द्वितीय पाली में हिमांशु जब परीक्षा देने के बाद बाइक पर सवार होकर परीक्षा केंद्र से मुजफ्फरनगर के लिए चला। इसी दौरान बोलेरो और बाइक पर सवार आठ-दस युवकों ने कई किलोमीटर तक उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान कुछ राहगीरों ने मामले की सूचना 100 डायल पुलिस को दे दी । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो परीक्षा देकर लौट रहे छात्र काफी संख्या में एकत्रित हो गए और पुलिस का घेराव किया और बड़ौत-कोताना मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। छात्र ने कोतवाली में तहरीर दी है। इसे वारदात से छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।