पंखों से भरा कैंटर पलट कर दुकानों में घुसा
दोघट/ दाहा (बागपत)। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दाहा गांव में बस स्टैंड पर मंगलवार की रात में पंखों से भरा कैंटर संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गया और दुकानों में जा घुसा। इससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीण जमा हो गई और सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को सकुशल कैंटर से बाहर निकाला।
राजा राम पुत्र कुंदन निवासी सुलतानपुर कैंटर चालक है। वह मंगलवार की रात में रुड़की से कैंटर नंबर एचआर 38 क्यू 1236 को लेकर फरीदाबाद के लिए चला था। कैंटर में उषा कंपनी के पंखे भरे थे। मंगलवार की रात में करीब दो बजे जब वह कैंटर को लेकर बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दाहा गांव में पहुंचा तो अचानक संतुलन खो बैठा और कैंटर सड़क किनारे पलट गया और खिसड़ता हुआ मास्टर महेंद्र की दुकानों में जा घुसा। इससे उनकी पूरी दुकान क्षतिग्रस्त हो गई और दुकान में रखा लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इस दुर्घटना के मौके पर ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर में फंसे चालक को सकुशल निकाला। कैंटर चालक ने मालिक को सूचना दे दी है। दुकान मालिक से समझौते की बात चल रही है।