बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के चिरचिटा गांव में व्यक्ति के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो अप लोड कर दिए। पीड़ित के बेटे ने जब इसका विरोध किया तो परिवार सहित मारने की धमकी दी । पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चिरचिटा गांव निवासी बबलू ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर दुष्प्रचार व गलत तरीके से एडिट करके आपत्तिजनक फोटो अपलोड कर दिए । जब उसके बेटे को पता चला तो उसने फर्जी फेसबुक आईडी पर कमेंट किया कि यह आईडी उसके पिता की नहीं है। पड़ताल करने पर पता चला कि गांव के ही तीन युवकों ने परिवार के बारे में गलत टिप्पणी की। तीन युवकों को नामजद कराते हुए तहरीर दी। सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने आरोपी संजय, कालू व बाबू निवासी चिरचिटा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।