बागपत। पाली गांव के किसान के बैंक खाते से युवक ने 21 हजार रुपये की नगदी निकाल ली। मोबाइल पर रुपये निकलने का मेसेज आने के बाद किसान को घटना की जानकारी मिली। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
पाली गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र धर्मवीर सिंह ने बताया कि वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करता है। उसका भारतीय स्टेट बैंक शाखा पाली में खाता है। 12 मई की रात एक बजे के लगभग उसके मोबाइल पर खाते से 21 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। 13 मई को बैंक पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि किसी युवक ने धोखाधड़ी से उसके खाते से नगदी निकाल ली। किसान ने बताया कि 11 मई को उसने बैंक खाते से एटीएम कार्ड के जरिये दस हजार रुपये निकाले थे। उसने एटीएम कार्ड को बंद करा दिया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।