चोर शहर की पुराना कस्बा पुलिस चौकी के पास से शुक्रवार की रात में स्कॉर्पियो गाड़ी चुराकर ले गए। पीड़ित ने तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली के चक्कर लगा रहे हैं। कार चोर गिरोह दो माह में सात कार चोरी कर चुका है। पुलिस चोरी की घटनाओं को रोकने में विफल साबित हो रही है।
मोहल्ला कुरैशियान बागपत निवासी आसिफ पुत्र इस्लाम ने बताया कि वह शुक्रवार की रात में पुराना कस्बा पुलिस चौकी के पास स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी कर घर चला गया था। रात्रि में चोर गाड़ी चुराकर ले गए। उसने शनिवार को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। घटना स्थल के पास कई जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे से चोरों का पता लगा सकती है। वे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर में कार चोर गिरोह सक्रिय हैं। दो माह में अलग-अलग जगहों से सात कार चोरी हो चुकी है। बड़ौत रोड स्थित बंधन बैंक के पास से भाजपा नेता महेश आर्य की चोर आई-10 कार चोरी कर ले गए। एसपी ऑफिस के पास से स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी हुई। इसके अलावा भी कई जगह से कार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस चोरों को पकडॉना तो दूर घटनाओं को भी नहीं रोक पा रही है। शहर वासियों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधू ने बताया कि कार चोर गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगी है। जल्दी ही चोरों को पकड़ कर लिया जाएगा।