बड़ौत (बागपत)। हिलवाड़ी गांव में सात दिन बाद भी दलित युवक पर कातिलाना हमले के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। युवक ने तहसील पहुंचकर एडीएम को शिकायत करते हुए बताया कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
हिलवाड़ी गांव में 15 अगस्त को अनुज पर गांव के ही तीन लोगों द्वारा कातिलाना हमला किया गया था। उसने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने बिलेंद्र को न्यायालय मेें पेश कर जेल भेज दिया, लेकिन अभी अमित व अंकित पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। अनुज का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा उसके परिवार के लोगों को भी खतरा बना हुआ है, कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। अनुज ने एडीएम से आरोपियों की गिरफ्तार करने व परिवार की सुरक्षा की मांग की। अनुज ने यह भी बताया कि पुलिस ने उसके सिर का एक्सरे नहीं कराया है और रेफर पर्ची भी गुम कर दी है। इस पर एडीएम ने कोतवाली पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।