बड़ौत (बागपत)।
बिजली चोरी रोकने के लिए शुक्रवार की शाम में तहसील पहुंची विद्युत निगम की टीम के साथ नोकझोंक हुई, इससे वहां पर हंगामा हो गया। विरोध के चलते टीम को बैरंग लौटना पड़ा। दूसरी तरफ एसडीएम ने निगम के अफसरों को तहसील में कैंप लगाकर विद्युत कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
एसई रामबीर सिंह के निर्देश पर नगर और क्षेत्र मेें बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने को लेकर छापेमारी की जा रही है। शुक्रवार को देर शाम अधिशासी अभियंता द्वितीय यादवेंद्र के निर्देश पर गठित विद्युत निगम की टीम में एसडीओ चैन सिंह, जेई नरेंद्र प्रताप सिंह और रवि प्रताप, सुरेंद्र तोमर आदि तहसील पहुंची तो चेकिंग के दौरान कई सरकारी आवासों सहित तहसील परिसर में भारी मात्रा में बिजली चोरी होती मिली। टीम ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, वैसे ही सूचना पर काफी संख्या में लोग वहां पर पहुंचे और टीम के साथ कहासुनी करने लगे। इससे वहां हंगामा हो गया।
हंगामा बढ़ता देखकर टीम को वहां से बैरंग लौटना पड़ा। इसकी भनक जैसे ही एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी को लगी तो वे मौके पर पहुंचे। बाद मेें उन्होंने अधिशासी अभियंता द्वितीय यादवेंद्र को तहसील परिसर मेें टीम के साथ बुलाया और कहा कि शासन की मंशा है कि बिजली चोरी न हो, हर परिसर और घर में विद्युत कनेक्शन हो। इसलिए जल्द से जल्द तहसील परिसर में कैंप लगाकर उन लोगों को विद्युत कनेक्शन दें, जो लोग विद्युत चोरी कर रहे हैं। यदि कोई इसमें विरोध करता है तो पुलिस को सूचना देकर विभागीय कार्रवाई करें। एसडीएम ने कहा विद्युत चोरी बर्दास्त नहीं होगी। उन्होंने तहसीलदार मांगेराम चौहान को निगम के अफसरों को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिएं, ताकि कोई विद्युत कनेक्शन लेने से वंचित न रहे।
इस संबंध मेें अधिशासी अभियंता द्वितीय यादवेंद्र ने कहा एसई रामबीर सिंह के निर्देश पर तहसील में बिजली चोरी रोकने के लिए छापेमारी की तो तहसील परिसर मेें कई जगहों पर विद्युत चेारी होती मिली, कार्रवाई शुरू करने पर टीम का विरोध किया। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी को इस संबंध में अवगत कराया। एसडीएम साहब ने कैंप लगाने में सहयोग की बात कहीं है। एसई रामबीर सिंह ने कहा हर हाल में विद्युत चोरी रोकी जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप अक्तूूबर माह 2018 में हर घर में मीटर से सप्लाई सुचारु कराने का दिया लक्ष्य पूरा करना है।