खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के गांव अब्दुलपुर के जंगल में जिला कारागार के निकट एक खेत में नर कंकाल पड़ा मिला। किसानों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि जंगली जानवर कंकाल को जंगल से खींचकर लाए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है, इसके बाद जंगली जानवरों ने शव को खा लिया। कंकाल बरामद होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
सोमवार शाम करीब छह बजे क्षेत्र के ग्राम अब्दुलपुर स्थित जिला जेल के समीप किसान विजय के खेत में नर कंकाल पड़ा हुआ था। खेतों में कार्य करने पहुंचे किसानों ने नर कंकाल को देखकर शोर मचा दिया। आसपास के खेतों में कार्य कर रहे किसान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को जानकारी दी गई। एसओ अजय शर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया होगा, इसके बाद जंगली जानवरों ने शव को खा लिया और कंकाल को खींचकर खेत तक ले आए। कंकाल पुराना लग रहा है और आधा हिस्सा ही बरामद हुआ है। गले में कपड़ा फंसा हुआ हुआ है। एसओ का कहना है कि जांच की जा रही है।
आसपास के थानों को दी सूचना
खेकड़ा। पुलिस ने गाजियाबाद और बागपत के आसपास के थाना क्षेत्र में कंकाल बरामद होने की जानकारी दी। आशंका है कि हत्या कर शव को यहां फेंका गया होगा। थाने में पिछले एक माह में दर्ज गुमशुदगी का रिकॉर्ड भी खंगाला जाना शुरू कर दिया गया है। कंकाल की शिनाख्त करना भी आसान नहीं होगा।